Breaking News

बलिया :अब स्वास्थ्य इकाइयों पर प्रत्येक गुरुवार होगा ‘अंतराल दिवस’

बलिया :अब स्वास्थ्य इकाइयों पर प्रत्येक गुरुवार होगा ‘अंतराल दिवस’

बलिया, 5 नवंबर 2019 ।। परिवार नियोजन कार्यक्रम को और सशक्त बनाने के उद्देश्य से अब प्रत्येक गुरुवार को जनपद के सभी स्वास्थ्य इकाइयों पर ‘अंतराल दिवस’ मनाया जाएगा। इस दिन अस्पताल पहुंचने वाली महिलाओं को गर्भनिरोधक के अस्थाई साधनों जैसे अंतरा गर्भनिरोधक इंजेक्शन, छाया गर्भ निरोधक गोली, गर्भ निरोधक आपातकालीन गोली आदि के बारे में जानकारी देने के साथ ही उनकी शंकाओं का समाधान भी किया जाएगा।
''परिवार नियोजन में निभाए जिम्मेदारी, मां और बच्चे के स्वास्थ्य की पूरी तैयारी'' थीम के साथ इस कार्यक्रम को आगे बढ़ाए जाने पर ज़ोर दे रही है। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा परिवारों को नियोजित करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के मद्देनजर शासन ने परिवार नियोजन की अस्थाई विधियों के प्रोत्साहन के लिए सभी सामुदायिक, प्राथमिक एवं उप स्वास्थ्य केंद्रों पर अब सप्ताह में एक दिन अंतराल दिवस मनाने का निर्णय लिया है। इस कार्यक्रम को उत्सव की तरह मनाया जाएगा। इसके लिए गुरुवार का दिन निर्धारित किया गया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉo प्रीतम कुमार मिश्रा ने बताया कि परिवार नियोजन की यह सुविधाएं अपनाने से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में सुधार लाया जा सकता है। अंतराल दिवस पर इच्छुक लाभार्थी को लाने की जिम्मेदारी आशा कार्यकर्ता को दी गई है। इसके लिए उन्हें कार्यक्रम से पूर्व दो दिन इसका प्रचार एवं प्रसार करना होगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शादी के बाद पहले बच्चे एवं दूसरे बच्चे के बीच तीन साल का अंतराल रखने पर विशेष ध्यान देना होगा। इसके लिए सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये जा चुके हैं।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी/ परिवार कल्याण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ बीरेंद्र कुमार ने बताया कि अंतराल दिवस जिले की सभी चिकित्सा इकाइयों पर प्रत्येक गुरुवार को मनाया जाएगा। इस दिवस के अलावा समुदाय के लिए परिवार नियोजन के अस्थाई साधनों को हर दिन उपलब्ध कराया जाएगा। अंतराल दिवस पर अस्पतालों में पंजीकरण काउंटर लगेगा। पंजीकरण के बाद लाभार्थी को परामर्श कक्ष में भेजा जाएगा। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर प्रचार-प्रसार सामग्री उपलब्ध रहेगी। कार्यक्रम के दौरान अंतरा इंजेक्शन, कंडोम ,ओरल पिल्स, छाया, माला एन आदि सेवाओं के बारे में विस्तृत रूप से बताया जाएगा।