Breaking News

गोरखपुर : नगर पंचायत बांसगांव में चल रहीअध्यक्ष ईओ सभासदों की नूरा कुश्ती का खमियाज़ा भुगत रहे है नागरिक, सफाई कर्मियों का रिनिवल न होने से ठप है कूड़े का उठान कार्य

नगर पंचायत बांसगांव में चल रहीअध्यक्ष ईओ सभासदों की नूरा कुश्ती का खमियाज़ा भुगत रहे है नागरिक,
सफाई कर्मियों का रिनिवल न होने से ठप है कूड़े का उठान कार्य

अध्यक्ष-सभासद-ईओ व लिपिक के बीच चल रहा आरोप प्रत्यारोप का खेल
ए कुमार

गोरखपुर 12 अप्रैल 2019 ।। नगर पंचायत बांसगांव में सभासदों और अध्यक्ष के बीच चल रहे शीत युद्ध और आरोप प्रत्यारोप का असर अब उपनगर की साफ सफाई व्यवस्था पर पड़ता नज़र आ रहा है।
यहां सफाई व्यवस्था के ध्वस्त होने से आमजन त्रस्त हैं।
बजबजा रहीं नालियाँ से उठ रही दुर्गंध से लोगों का साँस लेना दूभर हो रहा है।
जगह जगह कूड़े के ढेर लगे हैं 1अप्रैल से कूड़े का उठान कार्य ठप है क्योंकि ठेके पर काम कर रहे सफाई कर्मचारियों की सेवा 31 मार्च को ही समाप्त हो गई थी जिसका नवीनीकरण अब तक नहीं किया जा सका है।
नगर पंचायत बांसगांव के अध्यक्ष वेदप्रकाश शाही का कहना है कि ईओ की उदासीनता से नगर पंचायत में अव्यवस्था फैली है।
वही सफाई कर्मियों के सेवा विस्तार को सभासदों ने ईओ को पत्र देकर स्थगित करने को कहा था।
बताते चलें कि इससे पूर्व में नगर पंचायत में फर्जी भुगतान को लेकर भी सभासद अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं और प्रकरण की जांच मंडलायुक्त स्तर पर अभी लंबित है।
जबकि नगर पंचायत बांसगांव से संबद्ध लिपिक नाथूराम ओझा ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर अनैतिक और अव्यवहारिक कार्यों का दबाव बनाए जाने की बात करते हुए वहां से हटाने की बात लिखी है।
वही पूर्व में नगर पंचायत बाँसगावँ में तैनात ईओ पूजा सिंह तहसील दिवस पर भुगतान और कार्यों के लिए दबाव बनाने की बात कह चुकी हैं।
बहरहाल नगर पंचायत में चल रही नूरा कुश्ती का खमियाज़ा आम नागरिकों को भुगतना पड़ रहा है और इसके ज़िम्मेदार मूकदर्शक बने हैं।