Breaking News

पुलिस लाइन मे धूमधाम से मनायी गयी जन्माष्टमी, अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा दीप प्रज्जवलित कर की गयी सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत, पूरे जिले मे रही धूम





मधुसूदन सिंह

बलिया।। कोरोना की बंदिशों के बाद पहली बार सांस्कृतिक कार्यक्रम करने की मिली छूट से इस बार चारो तरफ जन्माष्टमी की धूम रही। पुलिस लाइन मे भी इस बार जन्माष्टमी को धूमधाम से मनायी गयी।

नटखट कान्हा ने लिया जन्म, बजी बधाई

महिलाओं ने गाया पारम्परिक सोहर

नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक घरों, पुलिस लाइन व समस्त थानों पर भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इसके अलावा जिला कारागार में भी बंदीरक्षकों व कैदियों ने धूमधाम से मनाया। इस दिन लोगों ने निर्जला व्रत रख उपासना किया। भगवान कान्हा के विभिन्न स्वरूपों की प्रतिमा स्थापित कर पूजन-अर्चन किया। भगवान के जन्म लेते ही जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। तत्पश्चात लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर पारण किया। इस दौरान कुछ स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। पुलिस लाइन मे पुलिस अधीक्षक राजकरन नैय्यर ने विधिवत पूजा अर्चना के साथ भगवान कृष्ण के जन्मदिन को मनाया। पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक ने पूजा के बाद हवन भी किया।






नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक घर, पुलिस लाइन, समस्त थाना व जिला कारागार में भगवान श्रीकृष्ण की पूजन-अर्चन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया। तत्पश्चात शुक्रवार की रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण ने जन्म लिया। जन्म लेते ही लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण व राधा के जयकारे लगाए और घण्ट घड़ियाल व शंख बजाया। उधर  नगर से सटे मिड्ढा गांव में भी लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया ।तत्पश्चात जन्म लेने के बाद प्रसाद ग्रहण किया। उधर बसंतपुर में इस वर्ष भी एक से बढ़कर एक पंडाल एवं झांकी भी सजाई गई थी। इस दौरान महिलाओं ने जुग-जुग जियस ललनवा..। नंद बाबा के घर बाजे बधइयां.. आदि सोहर प्रस्तुत किया।




नगर के पुलिस लाइन स्थित मंदिर में विभिन्न प्रकार की झांकियां सजाई गई थी। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इस कार्यक्रम का शुभारम्भ अपर पुलिस अधीक्षक डीपी त्रिपाठी ने दीप प्रज्ज्वलन के बाद किया। इस कार्यक्रम मे विभिन्न स्कूलों के बच्चों /बच्चियों ने बहुत ही शानदार स्टेज प्रोग्राम देकर सभी का मन मोह लिया। लंदन से अपने ननिहाल आयी नन्ही वैष्णवी गुप्ता ने शानदार स्टेज प्रोग्राम देकर खूब तालिया बटोरी। बीएचयू की कत्थक नृत्य की छात्रा शोभा डे ने अपने क्लासिकल नृत्य से सभी को आत्मविभोर कर दिया।


















प्रतिसार निरीक्षक अपने सिपाहियों के साथ पूरी मुस्तैदी के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने मे लगे रहे। भगवान कृष्ण के जन्म के बाद भी सांस्कृतिक कार्यक्रम पूरे उत्साह के साथ चलता रहा।