Breaking News

अत्याचारी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंके प्रबुद्ध वर्ग, नही तो आपका अस्तित्व पड़ जायेगा खतरे में : माता प्रसाद पांडेय



मधुसूदन सिंह

बैरिया बलिया ।। 21 ब्राह्मणों द्वारा शंख बजाकर शंखनाद के साथ ही शुभनथही में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन का आगाज हुआ । उत्तर प्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष सपा के वरिष्ठ नेता माता प्रसाद पांडेय ने प्रदेश में सपा की सरकार बनाने के लिए प्रबुद्ध वर्ग से सहयोग और आशीर्वाद मांगते हुए कहा कि बिना प्रबुद्ध वर्ग के सहयोग समाज में कोई सार्थक परिर्वतन नहीं होता। अत्याचारी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए प्रबुद्ध वर्ग से कमर कस लेने का आह्वान करते हुए चेताया कि अगर दुबारा यह सरकार बन गयी तो प्रदेश में प्रबुद्ध वर्ग का अस्तित्व सुरक्षित नहीं रह पायेगा।





श्री पाण्डेय बतौर मुख्य अतिथि गुरुवार को छोटे लोहिया जनेश्वर मिश्र के पैतृक गांव शुभनथही में छोटे लोहिया की जयंती के अवसर पर आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार चलाने वाला व्यक्ति विश्व का सबसे अधिक झूठ बोलने वाला व्यक्ति है। जबकि उत्तर प्रदेश में कानून का राज नहीं बल्कि अपने कानून से राज को चलाया जा रहा है। ऐसे में देश प्रदेश में घुटन बेबसी और लाचारी का माहौल बना हुआ है। हर हाल में इन दोनों सरकारों को  उखाड़ फेंकना है। 

इस अवसर पर पूर्व विधायक संतोष पांडे ने कहा कि प्रबुद्ध वर्ग ने भाजपा की सरकार को सहयोग देकर बनाया लेकिन आज भाजपा की सरकार में ब्राह्मणों का ही सर्वाधिक उत्पीडऩ हो रहा है। कहा कि सपा मुखिया मुलायम सिंह जब मुख्यमंत्री थे तो परशुराम जयंती पर सार्वजनिक छुट्टी की घोषणा की थी। परंतु इस सरकार ने छुट्टी को रद्द कर दिया।  जनेश्वर मिश्र पार्क का लखनऊ में निर्माण कराकर सपा सरकार ने यह संदेश दिया कि प्रबुद्ध वर्ग का सम्मान केवल समाजवादी पार्टी में ही है।



 पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्र ने कहा कि लखनऊ में 108 फीट ऊंची भगवान परशुराम की मूर्ति का निर्माण प्रगति पर है। उन्होंने एनएच 31 की दुर्दशा पर तंज कसते हुए कहा कि ऐसी सड़क पूरे देश में कहीं नहीं है। केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी को घोषणा मंत्री की संज्ञा देते हुए कहा कि सपा सरकार ने जनेश्वर मिश्र सेतु बलिया में बनवाया, लेकिन उसका एप्रोच मार्ग यह सरकार 4 साल बाद भी नहीं बनवा पायी है। 









सपा के संस्थापक सदस्यों में से एक स्व.जनेश्वर मिश्र की 89वीं जयंती के मौके पर उनके गांव शुभनथही में समाजवादी पार्टी ने आज गुरुवार को प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन का आयोजन किया था. सम्मेलन में सपा के जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव और साहित्यकार डा. जनार्दन राय ने सभी अतिथियों का स्वागत किया ।

सपा के इस प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में करीब 3 हजार लोग जुटे थे. सबके बैठने के लिए वाटरप्रूफ पंडाल का बंदोबस्त किया गया था । सम्मेलन रामविचार पांडेय, डा. रामशरण पांडेय, शत्रुघ्न पांडेय, चंद्रशेखर उपाध्याय, पांडेय गोविंद जी, कृष्ण कुमार पांडेय, डा. जनार्दन राय का विशेष सम्मान किया गया ।

कार्यक्रम को डॉक्टर मनोज पांडेय, प्रवक्ता अखिलेश मिश्रा, तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय, आशुतोष ओझा, रोहित चौबे, शत्रुघ्न पांडेय, देव आनंद उपाध्याय, अरविंद तिवारी, राजकुमार पांडेय, अनंत मिश्र ,राज मंगल यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद चौधरी, पूर्व मंत्री नारद राय, पूर्व विधायक सुभाष यादव व जयप्रकाश अंचल, सूर्यभान सिंह, मृत्युजंय तिवारी बबलू,मनोज सिंह, पूर्व विधायक मंजू सिंह, पूर्व चेयरमैन लक्ष्मण गुप्ता व संजय उपाध्याय, पूर्व विधायक गोरख पासवान, राज प्रताप यादव, मृत्युजंय उपाध्याय, छोटे लेहिया की पुत्री पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री आदि ने संबोधित किया। 

सम्मेलन की अध्यक्षता स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रामविचार पांडेय तथा संचालन पार्टी के जिला प्रवक्ता सुशील पांडेय कांह जी ने किया। आगंतुकों का स्वागत सपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री सनातन पांडेय ने किया। जबकि पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री और छोटे लोहिया के अनुज कार्यक्रम के संयोजक तारकेश्वर मिश्र ने आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस मौके पर विनायक मौर्य, लालू यादव ,राज प्रताप यादव, शैलेश सिंह, उमेश यादव, अमर देव यादव ,जयप्रकाश मुन्ना आदि ने श्रद्धा सुमन अर्पित किया।



 शंख बजाकर किया शंखनाद

 काशी से आए 21 विद्वान पंडितों ने  शंख बजाकर शंखनाद किया। मंगलाचरण के बाद स्वास्ती वाचन  किया। जिसके बाद केक काटा गया और लोक गायकों ने सोहर गाया। गायकों द्वारा रांगरंग कार्यक्रमों के माध्यम से सपा के मिशन व उद्देश्यों को सम्मेलन में एकत्र हुए प्रबुद्ध लोगों के समक्ष रखा। कार्यक्रम के करता धर्ता पूर्व मन्त्री सनातन पाण्डेय ने 21प्रबुद्ध लोगों को अंग वस्त्रम् से समानित किया। वहीं काशी से आये विद्वानों को सपा नेता सूर्यभान सिह ने अंग वस्त्रम् से सम्मानित किया।



सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब

 प्रबुद्ध वर्ग के सम्मेलन में उमड़े जनसैलाब को देखकर सपा नेता उत्साह से लबरेज दिखे। उल्लेखनीय है कि छोटे लोहिया पंडित जनेश्वर मिश्र की 89 वी जयंती पर उनके पैतृक गांव शुभनथही  में इतनी बड़ी भीड़ पहली बार जुटी थी। जिसे देखकर सपा नेता बहुत खुश हो गए। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वालों ने सरकार व अन्य दलों पर भी गीतों के माध्यम से बार-बार हमला बोला। भीड़ ने तालियां बजा कर उत्साह वर्धन किया।