Breaking News

अयोध्या में बना विश्व रिकार्ड : 5.51 लाख दीयों से जगमग हुई अयोध्या

अयोध्या में बना विश्व रिकार्ड : 5.51 लाख दीयों से जगमग हुई अयोध्या 
ए कुमार











अयोध्या 26 अक्टूबर 2019 ।।
 भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या में आज यानी शनिवार को भव्य दीपोत्सव मनाया गया। अयोध्या भगवान राम के रंग में रंग गई। सीएम योगी आदित्यनाथ अयोध्या पहुंचकर दीपोत्सव में शामिल हुए, सरयू तट पर दीयों को जलाने का कार्यक्रम तय वक्त पर सम्पन्न होने के बाद गिनती में पता चला कि अयोध्या में 5.51 लाख दीयों  को जलाने का विश्व रिकार्ड बन गया है। इससे पूर्व यहां सीएम योगी ने मंत्रों के बीच सरयू नदी की आरती की। इस अवसर पर भगवान राम, सीता और लक्ष्मण के हेलिकॉप्टर से अयोध्या आगमन का प्रतीकात्मक मंचन भी किया गया। राम कथा पार्क में उन पर फूलों की वर्षा की गई। खुद सीएम योगी आदित्यनाथ ने सीता-राम की आगवानी की और आरती भी उतारी। इस मौके पर सीएम योगी ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज का दिन सभी के लिए खास है। उन्होंने कहा कि राम की परंपरा पर हम सबको गौरव की अनुभूति होती है और पीएम मोदी ने रामराज्य की धारणा को साकार किया। सीएम ने कहा कि पीएम मोदी ने भारत की परंपरा को विश्व पटल पर रखा। सीएम योगी ने पिछली सरकारों पर अयोध्या की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि पहले की सरकारें अयोध्या के नाम से डरती थीं और यहां आना नहीं चाहती थीं। लेकिन मैं मुख्यमंत्री बनने के बाद से आधा दर्जन बार अयोध्या आया हूं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं को बिना जाति, पंथ आदि के भेदभाव के सभी तक पहुंचाया गया। सीएम योगी ने कहा कि भारत किसी छेड़ता नहीं, अगर कोई छेड़ता है, तो उसे छोड़ता नहीं। सीएम योगी ने कहा कि भगवान राम की मर्यादा हमें विजय की प्रेरणा देती है। भगवान राम के आदर्शों से प्रेरित होकर हम देश-प्रदेश के विकास के लिए अपना योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि अयोध्या की पहचान दुनियाभर के सनातनियों के लिए वैसी ही है, जैसे अन्य धर्मों के अनुयाइयों के लिए उनकी विरासत। सीएम ने कहा कि भारत ने किसी को परेशान नहीं किया, लेकिन किसी ने छेड़ा तो उसकी मांद में घुसकर उसे जवाब दे रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश की योजनाओं से अवधपुरी के रूप में बदलने के लिए 226 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हो रहा है। भारत की सांस्कृतिक विरासत को मोदी जी ने बेहतरीन तरीके से रखा है। दुनिया भारत के सांस्कृतिक गौरव का एहसास कर रही है। अयोध्या का दीपोत्सव हो या वाराणसी की देव दिवाली या फिर प्रयाग का कुम्भ हो, हम इसे भुला नहीं सकते। इस दौरान सीएम योगी और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अयोध्या के लिए 226 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास भी किया। सीएम के अलावा इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में फिजी गणराज्य की उपसभापति वीना भटनागर, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल मौजूद रहे। अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम के तहत आज दिन में शहर में कई झाकियां निकाली गईं। अयोध्या में आज के दीपावली कार्यक्रम में न सिर्फ देश के विभिन्न हिस्सों से बल्कि कई देशों से आए लोगों ने शिरकत की और कार्यक्रम का आनंद लिया।