Breaking News

ब्लॉक रेवती में डीएम ने परखी मतदाता पंजीकरण की स्थिति

 





जेंडर रेश्यो में सुधार के लिए पात्र महिलाओं को मतदाता सूची से जोड़ें : डीएम

महिला और युवा मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाने पर डीएम का जोर

70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों का अनिवार्य रूप से बनवाएं आयुष्मान कार्ड

बलिया।। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने गुरुवार को विकास खंड रेवती में स्वगणना जागरूकता को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में मतदाता सूची के अद्यतन, जेंडर रेश्यो में सुधार और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिक से अधिक पात्र लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने और आमजन को जागरूक करने पर जोर दिया। बैठक में प्रधानी और विधानसभा चुनाव की मतदाता सूचियों में मतदाताओं की संख्या के अंतर का मुद्दा भी उठाया गया। बताया गया कि दोनों सूचियों में करीब 200 से 400 मतदाताओं का अंतर देखने को मिल रहा है। इस अंतर की पड़ताल कर मतदाता सूची से छूटे पात्र लोगों के नाम शामिल कराने की आवश्यकता जताई गई। जिलाधिकारी ने कहा कि एक जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का मतदाता के रूप में पंजीकरण कराया जाए। इसके लिए पात्र युवाओं से निर्धारित प्रपत्र भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की पहल की जाए। उन्होंने महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शादी के बाद दूसरे स्थानों से आई बहुओं सहित परिवार की सभी पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में जरूर जांचे जाएं। जिन महिलाओं का नाम सूची में नहीं है, उनका पंजीकरण कराया जाए। साथ ही जिले में जेंडर रेश्यो की स्थिति चिंताजनक है। प्रति हजार पुरुष मतदाताओं पर 922 महिला मतदाताओं का अनुपात होना चाहिए, जबकि वर्तमान में यह आंकड़ा करीब 801 है। जिलाधिकारी ने इस अंतर को कम करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाने और पात्र महिलाओं को मतदाता सूची से जोड़ने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि मतदाता बनने की प्रक्रिया अब पहले की अपेक्षा काफी आसान और सुगम हो गई है। इसके लिए अनावश्यक कागजी औपचारिकताओं की बाध्यता नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपने बूथ पर तैनात बीएलओ से संपर्क कर मतदाता सूची में नाम की जांच करने और नाम छूटने की स्थिति में पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही जननी सुरक्षा योजना को लेकर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने महिला कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित प्रतिभागियों से इस योजना के प्रति महिलाओं और परिवारों को जागरूक करने की अपील की, ताकि मातृ एवं शिशु सुरक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंच सके। इसके अलावा जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी पात्र बुजुर्गों का आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। बैठक में बीडीओ रेवती एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।