Breaking News

तीन दिवसीय दौरे पर 14 को गोरखपुर पहुंचेंगे संघ प्रमुख, बैठकों और संवाद कार्यक्रमों की रूपरेखा तय

 





गोरखपुर।। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत 14 फरवरी की शाम तीन दिवसीय प्रवास पर गोरखपुर पहुंचेंगे। उनका यह दौरा संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत प्रस्तावित गतिविधियों की समीक्षा, संगठनात्मक बैठकों और सामाजिक संवाद कार्यक्रमों पर केंद्रित रहेगा।


प्रवास के दौरान वे जिला, विभाग और प्रांत स्तर के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग सत्रों में बैठक करेंगे। अब तक हुए कार्यक्रमों की प्रगति, आगामी रूपरेखा और कार्य विस्तार पर चर्चा होगी। दूसरे दिन प्रातः सामाजिक सद्भाव विषयक बैठक आयोजित है, जिसमें विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। सरसंघचालक समरसता, संवाद और पारस्परिक विश्वास को लेकर अपने विचार रखेंगे। उसी दिन अपराह्न एक प्रमुख जन गोष्ठी में भी उनका संबोधन प्रस्तावित है, जहां समाज के विविध क्षेत्रों से आमंत्रित लोग उपस्थित रहेंगे।


तीसरे दिन प्रातः कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत विचार-विमर्श होगा। इसमें शताब्दी वर्ष की गतिविधियों की समीक्षा तथा आगे की योजना तय की जाएगी। सायंकाल कुटुंब स्नेह मिलन कार्यक्रम में वे कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों को संबोधित करेंगे। सभी कार्यक्रम निर्धारित आमंत्रण के आधार पर आयोजित होंगे।


प्रवास के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की संभावना भी जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि कार्यक्रम के समय ही होगी। इससे पूर्व भी उनका गोरखपुर दौरा चर्चा में रहा था।


सभी आयोजन तारामंडल स्थित बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में प्रस्तावित हैं। व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है और सुरक्षा के मद्देनज़र आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। प्रवास पूर्ण कर सरसंघचालक 16 फरवरी की रात्रि में गोरखपुर से प्रस्थान करेंगे।