Breaking News

एक दूजे के हुए 76 जोड़े, डीएम एसपी ने दी सभी नव दम्पतियों को वैवाहिक जीवन सुखमय होने का आशीर्वाद

 



बेटियों को बोझ नहीं, अवसर दें; सामूहिक विवाह समारोह में डीएम ने किया आह्वान

शादी की यादगार बनेगा पौधा, नवदंपतियों से डीएम ने की देखभाल की अपील

बलिया।। सिकंदरपुर स्थित गांधी इंटर कॉलेज में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने मंत्रोच्चार के बीच किया। इस दौरान उन्होंने विवाह बंधन में बंधने जा रहे 76 वर-वधुओं का पुष्प अर्पित कर स्वागत किया और उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की। जिलाधिकारी ने कहा कि आज का दिन सभी नवदंपतियों के जीवन में नई शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे आपसी प्रेम, विश्वास और सहयोग के साथ अपने जीवन की नई पारी शुरू करें तथा परिवार को खुशहाल बनाने के साथ प्रदेश की प्रगति में भी योगदान दें।

 वधू के खाते में पहुंचेगी 64 हजार रुपये की धनराशि

जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मिलने वाली सहायता की जानकारी देते हुए बताया कि योजना के अंतर्गत वधू के खाते में 64 हजार रुपये की धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाएगी। उन्होंने वधुओं से अपील की कि इस धनराशि का उपयोग सोच-समझकर करें और संभव हो तो किसी रोजगार या व्यवसाय में निवेश कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने बताया कि योजना के तहत करीब 21 हजार रुपये की सामग्री दी जाती है, जबकि 15 हजार रुपये टेंट और भोजन जैसी व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं। इस प्रकार सरकार की ओर से प्रति विवाह कुल एक लाख रुपये का प्रावधान है।












 नवदंपतियों को दी जाएंगी 27 प्रकार की सामग्री

डीएम ने बताया कि नवदंपतियों को योजना के तहत 27 प्रकार की आवश्यक घरेलू सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। इसमें वधू के लिए साड़ियां, ब्लाउज और अन्य वस्त्र, वर के लिए कपड़े, स्टील का डिनर सेट, प्रेशर कुकर, कड़ाही, ट्रॉली बैग, वैनिटी किट, दीवार घड़ी, सीलिंग फैन, आयरन प्रेस, डबल बेड की चादर, कंबल, गद्दे, तकिए, चूड़ी-कंगन, वर-वधू की कलाई घड़ियां, तौलिया, पर्दे, एलईडी बल्ब, बाल्टी और मग सहित अन्य उपयोगी सामान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि शेष सामग्री निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उपलब्ध कराई जाएगी।

सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर बनें आत्मनिर्भर

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता के लिए कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने लोगों से बेटियों को बोझ न समझने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, कन्या सुमंगला योजना, आयुष्मान भारत योजना और रोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से इनका लाभ लेने को कहा। उन्होंने बताया कि रोजगार की तलाश कर रहे युवा जिला सेवायोजन पोर्टल और संबंधित रोजगार पोर्टल पर पंजीकरण कर निजी क्षेत्र में नौकरी के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। जिले में नियमित रूप से रोजगार मेलों का आयोजन भी किया जाता है। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकती हैं। डीएम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक उत्तर प्रदेश को विकसित प्रदेश बनाना है। इसके लिए जरूरी है कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को भी जनसमस्याओं का समाधान करने और पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने की जिम्मेदारी याद दिलाई।

*नवदंपतियों को पौधा लगाने का दिया संदेश*

जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए बताया कि वन विभाग की ओर से नवदंपतियों को पौधा देने की पहल की गई है। उन्होंने सभी जोड़ों से पौधे को अपने जीवन की यादगार के रूप में लगाने और उसकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पर्यावरण संकट से निपटने के लिए अधिक से अधिक पेड़ लगाना आवश्यक है।जिलाधिकारी ने सभी नवविवाहित जोड़ों को पुनः बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने समारोह में आए लोगों से भोजन करने और अपना सामान लेकर ही जाने की अपील की। सामूहिक विवाह समारोह के माध्यम से नवदंपतियों को नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाओं के साथ सरकारी सहायता और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया गया। इस कार्यक्रम में सीडीओ आलोक कुमार, डीडीओ आनंद प्रकाश, वरिष्ठ कोषाधिकारी आनंद दुबे, जिला प्रोबेशन अधिकारी अमरेंद्र कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण विभाग रमेश कुमार एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।