Breaking News

सेवा संकल्प अभियान को लेकर डीएम ने अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश

 






जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

सेवा ज्योति से जगमगाएंगे घाट-मंदिर, गांव-गांव लगेंगे जनकल्याण शिविर

डीएम ने अधिकारियों से कहा- समन्वय से सफल बनाएं सेवा संकल्प अभियान

बलिया।। जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जाएगा। अभियान के सफल आयोजन को लेकर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अभियान के दौरान केंद्र सरकार के 12 वर्ष और राज्य सरकार के 10 वर्षों की उपलब्धियों का प्रमाणिक संकलन तैयार करने के साथ ही जनसेवा, महिला एवं बाल विकास, दिव्यांग कल्याण, स्वच्छता और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार व्यक्त करना तथा विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प का प्रतीक दीप प्रज्वलित करना है। इसके तहत जिले के सभी प्रमुख नदी घाटों, मंदिरों, विद्यालयों और चिकित्सालयों में विशेष दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इस अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रत्येक ग्राम पंचायत में दिव्यांग कल्याण कार्यक्रमों के आयोजन के साथ होगी। इस दौरान कैंप लगाकर दिव्यांगजनों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। 25 सितंबर से 07 अक्टूबर तक ‘आंगन का उत्सव’ थीम के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम होगा। इसमें आशा बहुओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जाएगा।

 कार्यक्रमों के माध्यम से पिछले 25 वर्षों में महिला एवं बाल विकास से जुड़ी नीतियों और योजनाओं से आए बदलावों की जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी। वहीं, सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों के जीवन में आए बदलाव की ‘कहानी बदलाव की’ के रूप में रील तैयार कर पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इस अभियान के तहत 07 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया जाएगा। जिले के प्रमुख चौराहों पर स्थानीय अखंड सेवा ज्योति की स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही जनपद के विभिन्न स्थानों से पैदल, साइकिल और बाइक रैलियां निकाली जाएंगी, जो प्रमुख चौराहों पर पहुंचेंगी। यहां बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण किया जाएगा। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।


 प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में न्यूनतम दो स्थानों पर विशेष स्वच्छता एवं सेवा गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के साथ सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक करना होगा। साथ ही इस अभियान के अंतर्गत प्रत्येक विकासखंड में सात दिवसीय ‘सेवा सेतु’ शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्रता के बावजूद किसी योजना से वंचित लोगों को चिन्हित कर उन्हें योजना का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को अभियान के कार्यक्रमों की प्रभावी योजना बनाकर समय से तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों को सफल बनाने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ आलोक कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा एवं सभी जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।